ऋषिकेश : राजाजी टाइगर रिजर्व ने अब सूचना प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कर बाघों और अन्य वन्यजीवों की निगरानी व्यवस्था को हाईटेक कर दिया है तथा इसे और अधिक बेहतर ढंग से करना शुरू कर दिया है। राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक प्रसन्न कुमार पात्रो ने बताया, ‘‘बाघों सहित वन्यजीवों की निगरानी तथा सर्विलांस सिस्टम को एंड्रॉयड बेस्ड ‘एम स्ट्राइप्स’ एप्लिकेशन से जोड़ दिया गया है।
उत्तराखंड के वन एवं वन्यजीव प्रबंधन के लिये इस ऐप को इस्तेमाल करने वाला राजाजी टाइगर रिजर्व पहला प्रतिष्ठान है।’’ पात्रो ने बताया, ‘‘इस ऐप को देहरादून स्थित भारतीय वन्यजीव संस्थान ने 2010 में बाघों और अन्य जंगली जीवों के बेहतर संरक्षण के लिए विकसित किया था। बाघों की बहुलता वाले देश के अन्य ‘टाइगर स्टेट्स’ भी इस ऐप का सफलतापूर्वक प्रयोग कर रहे हैं।’’
वन अधिकारी ने बताया कि मई 2019 से इस ऐप को राजाजी टाइगर रिजर्व की सभी नौ रेंजों में इस्तेमाल किया जाना शुरू हुआ, जिसके लिए हर रेंज को पावर बैंक सहित 10 एंड्रॉयड फोन दिए गए। इनमें एम स्ट्राइपस ऐप को सक्रिय किया गया है।’’ उन्होंने बताया, ‘‘राजाजी टाइगर रिजर्व के फील्ड स्टाफ बीते दो महीने से अधिक समय से इस ऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं।’’
उन्होंने बताया, ‘‘यह ऐप वन क्षेत्र में कार्यरत कार्मिकों के प्रबंधन को भी ज़्यादा जबाबदेह बनाता है। इस ऐप में ऐसी व्यवस्था है कि वन कार्मिकों का गश्त दल जब बाघ या हाथियों से जुड़ी जानकारी इस ऐप में डालेगा तब उनकी भी भौतिक उपस्थिति जीपीएस से कनेक्ट होकर साथ ही साथ दर्ज हो जाएगी।’’


Download Android App
Download iOS App



