‘पावरी’ मीम से जुड़े CM शिवराज, मंच से बोले-ये मैं हूं, ये मेरी सरकार है और भूमाफिया MP से भाग रहे हैं

Summary :

मुख्यमंत्री शिवराज ने मंच पर बैठे नेताओं और सरकारी अफसरों की ओर इशारा करते हुए कहा, “यह मैं हूं, यह मेरी सरकार है, यह मेरी प्रशासनिक टीम है और आप देखो कि भू-माफिया भाग रहे हैं।”

सोशल मीडिया सेंसेशन बनी पाकिस्तान की ‘पावरी गर्ल’ की तर्ज पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भूमाफियाओं को चेतावनी दी है। भरे मंच मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि ये मैं हूं, ये मेरी सरकार है, ये मेरी प्रशासनिक टीम है, और आप देखो मध्यप्रदेश से भूमाफिया भाग रहे हैं। मुख्यमंत्री का यह अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
मुख्यमंत्री शिवराज ने मंगलवार रात को आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, “अगर राज्य की जनता के साथ किसी भी बेईमान, बदमाश, ठग और माफिया ने अत्याचार और अन्याय करने की कोशिश की, तो मैं डंके की चोट पर कह रहा हूं कि उसे कहीं का नहीं छोड़ूंगा।” उन्होंने मंच पर बैठे नेताओं और सरकारी अफसरों की ओर इशारा करते हुए कहा, “यह मैं हूं, यह मेरी सरकार है, यह मेरी प्रशासनिक टीम है और आप देखो कि भू-माफिया भाग रहे हैं।” 
गौरतलब है कि पाकिस्तानी युवती दनानीर मुबीन ने “पावरी हो रही है” वीडियो इंस्टाग्राम पर पिछले महीने डाला था। इस वीडियो में वह सड़क पर खड़ी कार के पास अपने कुछ दोस्तों के साथ पार्टी करती नजर आ रही है। “पावरी गर्ल” के नाम से मशहूर हो गई पाकिस्तानी युवती ने अपनी पोस्ट में कहा था, ‘‘यह हमारी कार है, ये हम हैं और यह हमारी पावरी (पार्टी) हो रही है।’’ 
दनानीर का यह वीडियो खूब लोकप्रिय हो चुका है और सोशल मीडिया में लोग इस पर तरह-तरह के मीम बना रहे हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार रात इंदौर में एक कार्यक्रम में सूबे की सियासी बयानबाजी में मुहावरे की तरह अक्सर इस्तेमाल होने वाले वाक्य “टाइगर अभी जिंदा है” का हवाला भी दिया। 
उन्होंने कहा, “मैंने पहले ही कह दिया था कि टाइगर अभी जिंदा है और अब यह टाइगर भू-माफिया, चिटफंड कम्पनियों के दलालों, नशे के कारोबारियों और मांओं-बेटियों-बहनों की जिंदगी को बदतर बनाने वालों के शिकार पर निकला है।” इन दिनों आक्रामक अंदाज में मंचों पर भाषण देते नजर आ रहे मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं भू-माफिया को पहले ही खबरदार कर चुका हूं कि या तो वे मध्यप्रदेश की धरती छोड़ दें या मैं 10 फुट गहरा गड्ढा खोदकर उन्हें जमीन में गाड़ दूंगा।” मुख्यमंत्री शिवराज ने तुरंत खुद ही स्पष्ट किया कि उनकी इस बात का मतलब भू-माफिया पर सख्त कार्रवाई से है।

Desk Team