मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के संसदीय क्षेत्र छिंदवाड़ा में कांग्रेस सेवादल के ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र यदुवंशी की आपसी लेन-देन के विवाद में धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या के मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक मनोज राय ने बुधवार को आईएएनएस को बताया, ‘राजेंद्र यदुवंशी का गौरव सिंह के परिवार से 1800 रुपये के लेन-देन का विवाद था। इस विवाद के चलते राजेंद्र और गौरव के पिता के बीच अक्टूबर 2018 में मारपीट हुई थी।
इस पर परासिया थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। दो बार मामले दर्ज हुए। उसके बाद आरोपी जेल भी गए। तब से दोनों परिवारों में कोई विवाद नहीं हुआ था।’ राय के अनुसार, ‘मंगलवार रात लगभग साढ़े 11 बजे राजेंद्र का पीछा करते हुए गौरव व उसके भाई सौरभ ने धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पूछताछ में 1800 रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद को हत्या की वजह बताया है।’


Download Android App
Download iOS App



