मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले से कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने संविधान को लेकर विवाद बयान दिया। किसानों के मुआवजा सर्वे में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जंडेल ने संविधान को जलाने की बात कह दी। कांग्रेस विधायक के इस बयान पर प्रदेश बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए जंडेल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ऐसा पहली बार नहीं है जब जंडेल ने इस तरह का विवादित बयान दिया हो, वह अक्सर अपने ऐसे बयानों को लेकर चर्चा में बने रहतें हैं।
दरअसल, बीते दिनों हुई बारिश के कारण ख़राब हुई फसल के सिलसिले में बाबू जंडेल किसानों के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। श्योपुर में बाढ़ पीड़ितों को अभी तक मुआवजा नहीं मिलने को लेकर जंडेल ने राज्य सरकार को खूब खरी खोटी सुनाई। सरकार के खिलाफ बोलते-बोलते जंडेल अपनी मर्यादा को भूल गए।
विधायक बाबू जंडेल ने बीजेपी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि ”जिस कानून और संविधान को सरकार नहीं मानती उसका होना किसी काम का नहीं। जिस कानून संविधान से पीड़ितों को न्याय नहीं मिल सकता, उस कानून की सप्ता जी को वह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने ही आग के हवाले करेंगे और विधानसभा में देश के संविधान की प्रतियों को आग लगाएंगे।”
इतना ही नहीं जंडेल ने राज्य सरकार में भ्रष्टाचार की तुलना अंग्रेजों से कर दी। वायरल वीडियो में बाबू जंडेल सरेआम आरोप लगा रहे हैं कि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के समर्थक और पांच पटवारी किसानों को परेशान कर रहे हैं। वे दस से बीस हजार रुपए लेकर किसानों के मुआवजे में नाम जोड़ रहे हैं। रुपए नहीं मिलने पर किसानों के नाम नहीं जोड़े जा रहे हैं।
कांग्रेस विधायक के बयान पर भड़की बीजेपी
कांग्रेस विधायक के बयान पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता रजनीश अग्रवाल ने ट्वीट कर लिखा है कि “कांग्रेस के विधायक द्वारा बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा बनाये गए संविधान जलाने की बात करना घोर आपत्तिजनक ही नहीं बल्कि गैर कानूनी है। पुलिस को तत्काल कार्यवाही करनी चाहिए। ऐसी भाषा और व्यवहार स्वीकार नहीं हो सकता।”
कांग्रेस के विधायक द्वारा बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा बनाये गए संविधान जलाने की बात करना घोर आपत्तिजनक ही नहीं बल्कि गैर कानूनी है। पुलिस को तत्काल कार्यवाही करनी चाहिए। ऐसी भाषा और व्यवहार स्वीकार नहीं हो सकता।
— Rajneesh Agrawal (@rajneesh4n) October 20, 2021
उन्होंने लिखा है कि “कांग्रेस जानबूझकर लगातार समाज का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही है। अराजकता पूर्ण माहौल बनाने के लिए अलग-अलग प्रकार के षड्यंत्र रच रही है। संविधान जलाने की धमकी देना उसी का एक उदाहरण है। कांग्रेस के पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ से लेकर राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा जवाब दें कि वे क्या कार्रवाई करेंगे? अभी तक तो संविधान की धज्जियां उड़ाते रहे। अब संविधान जलाने की बात यह ना केवल अराजकता पूर्ण अर्बन नक्सलवादी सोच है बल्कि बाबा साहब अंबेडकर का भी अपमान है।”


Download Android App
Download iOS App



