कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने यहां रविवार को कहा कि शिवराज सरकार ने युवाओं के भविष्य और किसानों की खुशहाली पर ताला लगा दिया है। कांग्रेस की सरकार बनने पर किसाानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में बदलाव लाया जाएगा।
कांग्रेस पार्टी का वचनपत्र जरूर ध्यान से पढि़एगा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने रायसेन और विदिशा जिले की जनसभा में कहा, ”कांग्रेस की सरकार आने पर हम किसानों नौजवानों और महिलाओं के लिए प्राथमिकता से काम करने वाले हैं। आप एक बार कांग्रेस पार्टी का वचनपत्र जरूर ध्यान से पढि़एगा, इसके माध्यम से हम महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की मदद देंगे, किसानों का कर्ज माफ करेंगे, हमारी सरकार धान का समर्थन मूल्य 2500 रुपये प्रति क्विंटल देगी और उसे बाद में बढ़ाकर 3000 किया जाएगा। हमारी सरकार आने पर 25 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा और 10 लाख का दुर्घटना बीमा हर परिवार को दिया जाएगा, जैसा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार दे रही है।
मध्य प्रदेश को चौपट प्रदेश बना दिया
कमलनाथ ने अपने संबोधन में कहा, भाजपा की 18 साल की सरकार ने मध्य प्रदेश को चौपट प्रदेश बना दिया है। शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के युवाओं के भविष्य और किसानों की खुशहाली पर ताला लगा रखा है। अब आपको यह ताला 17 तारीख़ को कांग्रेस को वोट देकर खोलना है। आपको सच्चाई का साथ देना है। उन्होंने कहा कि 17 नवंबर का चुनाव मध्य प्रदेश के भविष्य का चुनाव है किसी एक प्रत्याशी या पार्टी का चुनाव नहीं है। ज़ब आप वोट देने जाए तो हमारे वचनपत्र को जरूर ध्यान में रखें और प्रदेश की आज की तस्वीर भी सामने रखें।
मध्य प्रदेश आज सबसे अव्वल नंबर पर
कमलनाथ ने कहा, ”मैं मंच से इन नौजवान साथियों को देख रहा हूं, इनके अंदर बहुत जोश है, लेकिन बेरोजगारी में मध्य प्रदेश आज सबसे अव्वल नंबर पर है। इसलिए हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती हमारे नौजवान और उनका भविष्य है, अगर इन नौजवानों का ही भविष्य अंधकार में रहा तो किस तरह से प्रदेश और रायसेन का निर्माण होगा, मुझे इस बात की चिंता लगी रहती है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हमारी सरकार आने पर हम नौजवानों के भविष्य के लिए विशेष रूप से कार्य करने वाले हैं।


Download Android App
Download iOS App



