Maharashtra: राज्यसभा की 4 सीटों पर होगी MVA की जीत, राउत बोले- BJP फैला रही कड़े मुकाबले का भ्रम…

Summary :

महाराष्ट्र में राज्यसभा की चार सीटों पर एमवीए गठबंधन की जीत होने का भरोसा जताते हुए शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि राज्य में संख्याबल सत्तारूढ़ गठबंधन के पक्ष में है।

महाराष्ट्र (Maharashtra) में राज्यसभा की चार सीटों पर महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन की जीत होने का भरोसा जताते हुए शिवसेना नेता संजय राउत (Sanjay Raut) ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में संख्याबल सत्तारूढ़ गठबंधन के पक्ष में है। महाराष्ट्र की चार राज्यसभा सीट के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ। राउत ने संवाददाताओं से कहा कि एक ऐसा महौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है कि मुकाबला कड़ा होगा। उन्होंने दावा किया, ‘‘ लेकिन यह गलत है। महाराष्ट्र में एक भ्रम पैदा किया जा रहा है।’’
महाराष्ट्र राज्यसभा चुनावों में नहीं है कड़ा मुकाबला
राज्यसभा के लिए शिवसेना (ShivSena) के उम्मीदवार राउत ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) के नेतृत्व में एमवीए (शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा का गठबंधन) के पक्ष में 179 विधायकों का समर्थन है। शिवसेना विधायक रमेश लटके के निधन के चलते इसमें एक विधायक कम है। आज के चुनाव में इस संख्याबल को आप स्पष्ट रूप से देखेंगे (कि ये हमारे साथ है)।’’
राज्यसभा की 6 सीट पर मैदान में है 7 उम्मीदवार 
महाराष्ट्र से राज्यसभा की छह सीट पर चुनाव के लिए मतदान के योग्य सभी 285 विधायकों ने शुक्रवार दोपहर साढ़े तीन बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन उम्मीदवार उतारे, जबकि शिवसेना ने दो और कांग्रेस तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने एक-एक उम्मीदवार खड़ा किया। इस प्रकार, छह सीट के लिए सात उम्मीदवार मैदान में हैं।
भाजपा ने केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, राज्य के पूर्व मंत्री अनिल बोंडे और पूर्व सांसद धनंजय महादिक को मैदान में उतारा। शिवसेना ने संजय राउत और संजय पवार को उम्मीदवार बनाया। राकांपा ने प्रफुल्ल पटेल को और कांग्रेस ने इमरान प्रतापगढ़ी को मैदान में उतारा।

Desk Team