राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने गढ़चिरौली नक्सली हमले के मद्देनजर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के इस्तीफे की मांग की है। पवार ने ट्वीट किया कि फडणवीस के पास राज्य के गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी भी है। ‘‘उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।’’ शरद पवार ने लिखा कि जो लोग जनता की राय की परवाह ना करते हों उन्हें कम से कम अपनी अंतरआत्मा की आवाज सुन इस्तीफा दे देना चाहिए। लेकिन सत्ता पर काबिज लोग ऐसा नहीं करेंगे।
शरद पवार ने कहा कि राज्य में नक्सली गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं और यह ‘‘ शासकों द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की स्थिति को नजरअंदाज करने का नतीजा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ इसलिए हमले की निंदा करने और जवानों की शहादत पर दुख व्यक्त करने के अलावा कोई और रास्ता नहीं है।’’
राज्य राकांपा प्रमुख एवं महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री जयंत पाटिल ने कहा कि राज्य के स्थापना दिवस पर नक्सलियों ने जानबूझकर प्रहार किया, क्योंकि वे लोगों का हौसला तोड़ना चाहते थे। उन्होंने ट्वीट किया कि हम महाराष्ट्र दिवस पर जानबूझकर किए गए इस हमले को लोगों का हौसला तोड़ने में कामयाब नहीं होने देंगे।
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में 15 सुरक्षाकर्मियों समेत कम से कम 16 लोग मारे गये। इस विस्फोट से पहले नक्सलियों ने एक सड़क निर्माण ठेकेदार के 25 वाहनों में आग लगा दी।


Download Android App
Download iOS App




