अन्डुल : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने बुधवार को दावा किया कि उनकी पार्टी राज्य की सभी 42 सीटों पर जीत हासिल करेगी और भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा। ममता ने हावड़ा जिले के अन्डुल में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार फुटबॉलर से नेता बने प्रसून बनर्जी के समर्थन में रैली को संबोधित करते हुए कहा, मुझे पक्का यकीन है कि भाजपा देश में सत्ता में वापस नहीं आएगी।
पश्चिम बंगाल में उसका खाता भी नहीं खुलेगा और वह पिछले चुनाव में जीतीं दो सीटें भी गंवा देगी। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के राज्य के कल्याणी में रैली के दौरान दिये बयान की ओर इशारा करते हुए बनर्जी ने उनका नाम लिये बिना कहा, एक व्यक्ति आकर कहता है कि उनकी पार्टी के सत्ता में लौटने पर राज्य में राष्ट्रीय नागरिक पंजी लागू किया जाएगा।
पहले उन्हें (भाजपा को) सत्ता में आने दीजिये, फिर हम बताएंगे कि वे ऐसा करने की हिम्मत कैसे करते हैं। शाह ने बुधवार को रैली में कहा था कि बंगाल से घुसपैठियों को भगाने के लिये राष्ट्रीय नागरिक पंजी को लागू किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App




