मुंबई : महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण महाराष्ट्र सरकार के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एक बयान में कहा कि यदि लोगों ने गैर जरूरी यात्राएं बंद नहीं की तो सरकार बस और ट्रेन सेवाएं बंद करने का कड़ा फैसला ले सकती है। राज्य कैबिनेट की साप्ताहिक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए ठाकरे ने लोगों से गैर जरूरी यात्रा नहीं करने और बिना वजह एक जगह जमा नहीं होने की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि सरकारी दफ्तरों में सात दिन की कोई छुट्टी नहीं है, जैसा मीडिया के एक तबके में खबर दी गई है। ठाकरे ने कहा कि प्रशासन 50 फीसदी क्षमता के साथ सरकारी कार्यालयों को काम करने की इजाजत देने पर काम कर रहा हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से 40 लोग संक्रमित हुए हैं। एक व्यक्ति की मौत हुई है ।
ठाकरे ने कहा कि कोरोना वायरस से संक्रमित 39 मरीजों की हालत स्थिर है जबकि एक की स्थिति गंभीर है। संक्रमित लोगों में 26 पुरुष और 14 महिलाएं हैं।


Download Android App
Download iOS App



