देश में जल्द ही कोरोना के खिलाफ वैक्सीनशन शुरू होने वाला है। वहीं दूसरी तरफ कोरोना वायरस के खिलाफ दो वैक्सीन को इमरजेंसी में इस्तेमाल करने की मंजूरी मिलने के बाद सियासत जोरों पर है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने वैक्सीनशन शुरू करने से पहले केंद्र सरकार से वैक्सीन को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में प्रशीतन केंद्रों और आपूर्ति श्रृंखला की व्यवस्था की गई है और राज्य बड़े स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाने को तैयार है। टोपे ने कहा, ‘‘स्वीकृत वैक्सीन के बारे में हम केंद्र से कुछ स्पष्टीकरण चाहते हैं, क्योंकि उन्हें आपात स्थिति का हवाला देते हुए उपयोग के लिए मंजूरी दे दी गई है। सात जनवरी को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ राष्ट्रीय वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान टीकों के बारे में महाराष्ट्र अपनी चिंताओं को उठाएगा।’’
गौरतलब है कि भारत के औषधि नियामक ने ‘सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया’ द्वारा निर्मित ‘ऑक्सफोर्ड’ के कोविड-19 टीके ‘कोविशील्ड’ और ‘भारत बायोटेक’ के स्वदेश विकसित टीके ‘कोवैक्सीन’ के आपात स्थिति में इस्तेमाल को रविवार को मंजूरी दे दी थी। इससे व्यापक टीकाकरण अभियान का मार्ग प्रशस्त हो गया है। टोपे ने पत्रकारों को यह भी बताया कि महाराष्ट्र में टीकाकरण अभियान की तैयारी परखने के लिए आठ जनवरी से राज्य में टीकाकरण का पूर्वाभ्यास (ड्राई रन) भी किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



