महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन के साथ ही राज्य विधानसभा के स्पीकर का चुनाव भी तय हो गया है। महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष पद के लिए रविवार को चुनाव होना है। इसके लिए महा विकास आघाड़ी (एमवीए) ने उम्मीदवार के तौर पर शिवसेना विधायक राजन साल्वी को मैदान में उतारा है। साल्वी ने एमवीए के उम्मीदवार के रूप में शनिवार को अपना नामांकन दाखिल किया।
पहली बार विधायक बने बीजेपी के नेता राहुल नार्वेकर ने इस पद के लिए शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया था। नार्वेकर मुंबई के कोलाबा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि साल्वी रत्नागिरी जिले के राजापुर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं। विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र तीन और चार जुलाई को होगा।
एकनाथ शिंदे का दावा : हम आसानी से जीतेंगे फ्लोर टेस्ट
अध्यक्ष पद के लिए रविवार को मतदान होगा। नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे चार जुलाई को सदन में विश्वास प्रस्ताव पेश करेंगे। शिंदे की कैबिनेट में बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस उपमुख्यमंत्री हैं। शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस एमवीए गठबंधन का हिस्सा हैं।
शिंदे की बगावत से धराशाई हुई MVA सरकार
शिंदे की बगावत के कारण इन तीनों दलों की सरकार बुधवार को गिर गई थी। इसके अगले ही दिन शिंदे ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की थी। कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने कहा कि साल्वी अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए विपक्ष के उम्मीदवार हैं। जब साल्वी ने नामांकन पत्र दाखिल किया, उस समय जयंत पाटिल, धनंजय मुंडे (राकांपा), अशोक चव्हाण (कांग्रेस) और सुनील प्रभु (शिवसेना) समेत कई नेता उनके साथ मौजूद थे।
मुझे भी मिला था ऑफर, लेकिन मैं हूं एक सच्चा शिवसैनिक : संजय राउत
नामांकन शनिवार को दोपहर 12 बजे तक दाखिल किया जा सकता था। कांग्रेस के नाना पटोले ने पार्टी की राज्य इकाई का अध्यक्ष बनने के लिए पिछले साल फरवरी में इस पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से यह पद रिक्त है।


Download Android App
Download iOS App



