शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे के विद्रोह के बीच, उद्धव गुट नरम पड़ता हुआ नजर आ रहा है। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि अगर सभी विधायक कहेंगे तो हम MVA (महाविकास अघाड़ी) गठबंधन से अलग होने पर विचार कर सकते है, अगर सभी विधायक मुंबई लौटकर इस मुद्दे पर चर्चा करें।
एकनाथ शिंदे वर्तमान में 45 बागी विधायकों के साथ गुवाहाटी में डेरा डाले हुए हैं, जिसने पार्टी के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार को संकट में डाल दिया है। एमवीए सरकार में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस भी साझेदार हैं। अभी कुछ ही देर पहले एकनाथ शिंदे की बागी विधायकों के साथ ग्रुप फोटो सामने आई थी।
बागी विधायकों की मांग पर विचार करने को तैयार शिवसेना
संजय राउत ने कहा, “आप कहते हैं कि आप असली शिवसैनिक हैं और पार्टी नहीं छोड़ेंगे। हम आपकी मांग पर विचार करने के लिए तैयार हैं, बशर्ते आप 24 घंटे में मुंबई वापस आएं और सीएम उद्धव ठाकरे के साथ इस मुद्दे पर चर्चा करें। आपकी मांग पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा। ट्विटर और व्हाट्सऐप पर चिट्ठी मत लिखिए।”
उन्होंने कहा, “बागी, जो मुंबई से बाहर हैं, ने हिंदुत्व का मुद्दा उठाया है। अगर इन सभी विधायकों को लगता है कि शिवसेना को एमवीए से बाहर निकलना चाहिए, तो मुंबई वापस आने की हिम्मत दिखाएं। आप कहते हैं कि आपको सिर्फ सरकार के साथ परेशानी है और यह भी कहते हैं कि आप सच्चे शिवसैनिक हैं…आपकी मांग पर विचार किया जाएगा, लेकिन आएं और उद्धव ठाकरे से बात करें।”
विद्रोह के बीच उद्धव ने की CM पद छोड़ने की पेशकश
मुख्यमंत्री ठाकरे ने बुधवार को शिंदे के विद्रोह के बीच शीर्ष पद छोड़ने की पेशकश की थी और बाद में उपनगरीय बांद्रा में अपने परिवारिक घर जाने से पहले दक्षिण मुंबई में अपना आधिकारिक आवास भी खाली कर दिया था। महाराष्ट्र में मचे बवाल को लेकर शिवसेना द्वारा आज बुलाई गयी बैठक में सिर्फ 12 विधायक पहुंचे। जबकि महाराष्ट्र में शिवसेना के 55 विधायक हैं।


Download Android App
Download iOS App



