महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की पत्नी रश्मि ठाकरे को शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ का संपादक नियुक्त किया गया है। मराठी प्रकाशन ने अपने रविवार के संस्करण में उनका नाम संपादक के रूप में प्रकाशित किया है। शिवसेना के नेता और राज्यसभा सदस्य संजय राउत सामना के कार्यकारी संपादक बने रहेंगे।
रश्मि ठाकरे ने अपनी पति से मराठी दैनिक के संपादक का पद संभाला है। वह सामना की तीसरी संपादक है। शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे ने महाराष्ट्र के लोगों तक अपने विचारों को पहुंचाने के एक माध्यम के रूप में 23 जनवरी, 1988 को सामना की शुरूआत की थी।
समाचार पत्र की स्थापना के बाद से, बाल ठाकरे इसके संस्थापक संपादक थे लेकिन 2012 में उनके निधन के बाद उनके बेटे उद्धव ठाकरे ने संपादक पद संभाल लिया। मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने से पहले उद्धव ठाकरे ने 28 नवम्बर, 2019 को संपादक पद से इस्तीफा दे दिया था। शिवसेना के मुखपत्र का हिंदी संस्करण भी है।


Download Android App
Download iOS App



