महाराष्ट्र सरकार राज्य से बाहर जा रही कुछ बड़ी परियोजनाओं पर अगले 30 दिनों में एक श्वेत पत्र जारी करेगी।महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने मंगलवार को यहां बताया कि अगर पिछली महाविकास आघाडी (MVA) सरकार ने इन परियोजनाओं को रोकने के लिए कोई कदम उठाया था, तो उस बारे में भी बताया जाएगा।महाराष्ट्र की जगह दूसरे राज्यों को बड़ी परियोजनाएं मिलने के मुद्दे पर एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस की सरकार विपक्ष के निशाने पर है।
विपक्ष का आरोप है कि सत्तारूढ़ सरकार राज्य में वेदांत-फॉक्सकॉन और टाटा-एयरबस परियोजनाओं को लाने में विफल रही। ये दोनों परियोजनाएं गुजरात के खाते में चली गईं।वहीं, राज्य सरकार ने आरोप लगाया है कि पिछली MVA सरकार की निष्क्रियता के कारण परियोजनाएं महाराष्ट्र से बाहर चली गईं।
जानबूझकर परियोजनाओं के बारे में फैला रहे झूठ
सामंत ने पत्रकारों ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र उद्योग विभाग अगले 30 दिनों में एक श्वेत पत्र लाएगा, जिसमें बताया जाएगा कि वेदांत-फॉक्सकॉन, टाटा-एयरबस जैसी बड़ी निवेश परियोजनाएं दूसरे राज्यों में क्यों गईं। इन परियोजनाओं को महाराष्ट्र में लाने के लिए पिछली सरकार ने क्या कदम उठाए?‘‘ उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर इन परियोजनाओं के बारे में झूठ फैला रहे हैं, लेकिन श्वेत पत्र जारी होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



