100 करोड़ वसूली मामले में CBI की पूछताछ, DRDO दफ्तर पहुंचे अनिल देशमुख

Summary :

100 करोड़ की वसूली मामले में सीबीआई के सवालों का सामना करने के लिए अनिल देशमुख सांताक्रूज में DRDO दफ्तर पहुंच गए हैं।

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) 100 करोड़ की वसूली मामले में आज महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख से पूछताछ करेगी। सीबीआई के सवालों का सामना करने के लिए देशमुख सांताक्रूज में DRDO दफ्तर पहुंच गए हैं। सीबीआई ने सोमवार को समन जारी कर देशमुख को मुंबई पुलिस के पूर्व प्रमुख परम बीर सिंह की ओर से लगाए गए कथित भ्रष्टाचार के आरोपों के संबंध में पूछताछ के लिए बुलाया।
मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद अनिल देशमुख को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था और हाईकोर्ट के आदेश पर उनके खिलाफ सीबीआई ने जांच शुरू की है। अनिल देशमुख से पूछताछ करने से पहले रविवार को केंद्रीय एजेंसी ने अनिल देशमुख के दो निजी सहायकों से पूछताछ की थी। इसके अलावा एजेंसी ने एनआईए की गिरफ्त में चल रहे मुंबई पुलिस के निलंबित सचिन वाझे के दो ड्राइवरों से भी पूछताछ की थी।
गौरतलब है कि अनिल देशमुख पर परम बीर सिंह ने मुंबई पुलिस के गिरफ्तार एएसआइ सचिन वाझे को हर महीने 100 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य देने का आरोप लगाया है। आज की पूछताछ के बाद सीबीआई फैसला करेगी कि देशमुख के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और औपचारिक जांच की आवश्‍यकता है या नहीं। 

Desk Team