कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। पार्टी की ओर से जारी राहुल के चुनावी कार्यक्रम के मुताबिक, वह पहले उत्तरी दिनाजपुर और फिर दाजर्लिंग में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। पश्चिम बंगाल में इस बार के विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी का यह पहला दौरा होगा।
इससे पहले उन्होंने असम, केरल और तमिलनाडु के विधानसभा चुनावों में पार्टी के लिए कई सभाएं, रोडशो और जनसंपर्क कार्यक्रम किए। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में चार चरणों का मतदान संपन्न हो चुका है। अभी चार चरणों का मतदान शेष है। कांग्रेस वाम दलों और नयी पार्टी इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के साथ गठबंधन कर पश्चिम बंगाल में चुनाव लड़ रही है।
राहुल गांधी 17 अप्रैल को होने वाले पांचवें चरण के मतदान से पहले बुधवार को पश्चिम बंगाल में रैली को संबोधित करने वाले हैं। कांग्रेस 44 विधानसभा क्षेत्रों में से पांचवें चरण में 12 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जिसमें से वह तीन सीट भी शामिल हैं, जहां पार्टी ने 2016 में जीत हासिल की थी। राहुल गांधी उत्तर दिनाजपुर जिले के गोलपोखर में लोधन स्कूल के मैदान में अपनी पहली जनसभा को संबोधित करेंगे।
दूसरी जनसभा दार्जिलिंग जिले के सरोजिनी मैदान में होगी, जो नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। जहां राहुल गांधी पश्चिम बंगाल के चुनाव क्षेत्र में देरी से प्रवेश कर रहे हैं, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य में अब तक भाजपा के अभियान का नेतृत्व किया है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बंगाल में एक सीधी लड़ाई में शामिल हैं।
वहीं वामपंथी अपने ग्रामीण समर्थन को वापस जीतने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस 2016 के चुनाव में जीती हुई 44 सीटों में से सभी सीटों को अपने पास बरकरार रखना चाहती है। 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का वोट प्रतिशत घटकर 4 प्रतिशत रह गया था।


Download Android App
Download iOS App



