उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का कहर तेजी से बढ़ रहा है। राज्य में संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस बीच बुधवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन भी कोविड-19 संक्रमण की जद में आ गए हैं। टंडन ने बुधवार को ट्वीट कर खुद इसकी जानकारी दी।
कोरोना के प्रारम्भिक लक्षण दिखने पर मैंने अपनी जाँच कराई, जिसकी रिपोर्ट पॉज़िटिव आयी है।
डाक्टरों की सलाह पर मैं स्वयं को घर पर ही आइसोलेट कर लिया है।
विगत दिनों मेरे सम्पर्क में आए हुए लोगों से अनुरोध है कि अपनी जाँच करवा लें।— Ashutosh Tandon (@GopalJi_Tandon) April 14, 2021
उन्होंने ट्वीट में कहा “कोविड के प्रारम्भिक लक्षण दिखने पर मैंने अपनी जांच कराई, जिसकी रिपोर्ट पॉज़िटिव आयी है। डाक्टरों की सलाह पर मैंने स्वयं को घर पर ही पृथकवास में रख लिया है।” टंडन ने अपील की “विगत दिनों मेरे सम्पर्क में आए हुए लोगों से अनुरोध है कि अपनी जांच करवा लें।”
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को कोरोना हो गया है। उन्होंने खुद को घर पर ही आइसोलेट कर लिया है। अखिलेश यादव ने बुधवार को ट्विटर के माध्यम से जानकारी देते हुए लिखा, “अभी-अभी मेरी कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैंने अपने आपको सबसे अलग कर लिया है व घर पर ही उपचार शुरू हो गया है। पिछले कुछ दिनों में जो लोग मेरे संपर्क में आये हैं, उन सबसे विनम्र आग्रह है कि वो भी जांच करा लें। उन सभी से कुछ दिनों तक आइसोलेशन में रहने की विनती भी है।”
बता दें कि उत्तर प्रदेश में मंगलवार को कोविड-19 के एक दिन में सबसे ज्यादा 18,021 नये मामले सामने आए वहीं संक्रमण से और 85 लोगों की मौत हुई है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के सबसे ज्यादा 18,021 नये मामले सामने आये हैं और संक्रमण से 85 लोगों की मौत हुई है। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय में कई अधिकारियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद मुख्यमंत्री योगी ने एहतियात के तौर पर आइसोलेशन में रहने का फैसला किया है। इस दौरान वह वर्चुअली निगरानी करते रहेंगे।


Download Android App
Download iOS App



