महाराष्ट्र में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों उम्मीदवारों के लिए बड़ी निराशाजनक खबर सामने आई है। राज्य में होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) शुरू होने से ठीक एक दिन पहले पेपर लीक (Maharashtra Thane TET Paper Leak) हो गई है। इस घटना के बाद परीक्षा को फिलहाल अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। इस फैसले से परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE), पुणे को गोपनीय सूचना मिली थी कि कुछ लोगों के पास परीक्षा से जुड़े सवाल मौजूद हैं। इसके बाद 27 जून को ठाणे जिले के भिवंडी इलाके में पुलिस ने छापेमारी की। जांच के दौरान परीक्षा परिषद के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मिले कुछ प्रश्न आगामी TET परीक्षा के प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते पाए गए। इसके बाद पूरे मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
TET Paper leak Maharashtra Thane: परीक्षा स्थगित करने का लिया गया फैसला

पेपर लीक की आशंका के चलते महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने 28 जून को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है। परिषद का कहना है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसलिए जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी।
परिषद ने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि वे परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें। नई परीक्षा तिथि की घोषणा जांच पूरी होने के बाद की जाएगी।
Maharashtra TET Paper Leak: असली पेपर है या नहीं, हो रही जांच

शिक्षा विभाग अभी यह पता लगाने में जुटा है कि जिन लोगों के पास प्रश्नपत्र मिला है, वह वास्तव में TET परीक्षा का असली पेपर है या फिर किसी कोचिंग संस्थान का मॉक टेस्ट है। यदि जांच में दोनों प्रश्नपत्र एक जैसे पाए जाते हैं, तो पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी और परीक्षा रद्द करने जैसे फैसले भी लिए जा सकते हैं। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस या शिक्षा विभाग की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
TET Exam Paper Leak: 4.28 लाख अभ्यर्थियों पर पड़ा असर
इस बार महाराष्ट्र TET परीक्षा में करीब 4 लाख 28 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को शामिल होना था। परीक्षा स्थगित होने से इन सभी उम्मीदवारों की तैयारी और भविष्य पर असर पड़ा है। लंबे समय से परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र अब नई तारीख का इंतजार कर रहे हैं।
यह पहली बार नहीं है जब महाराष्ट्र में TET परीक्षा विवादों में आई हो। इससे पहले भी कोल्हापुर में पेपर लीक का मामला सामने आ चुका है। बार-बार ऐसी घटनाएं होने से परीक्षा व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
फिर उठे परीक्षा प्रणाली पर सवाल
हाल ही में NEET का पेपर लीक होने के बाद देश में लगातार बहस जारी है। ऐसे में TET परीक्षा से जुड़ी यह घटना सामने आने के बाद परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अब उम्मीदवारों की नजर जांच रिपोर्ट और नई परीक्षा तिथि की घोषणा पर टिकी हुई है।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में चलती बाइक से गिरा 4 महीने का मासूम, नशे में धुत माता-पिता को 400 मीटर तक नहीं लगा पता





















