महाराष्ट्र के मंत्री विजय वडेट्टीवार ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के अगले दो दिनों में सख्त लॉकडाउन के बारे में फैसला करने की उम्मीद है क्योंकि मौजूदा प्रतिबंध कोविड-19 को रोकने के लिए उतने कारगर नहीं हो पा रहे हैं।
राहत और पुनर्वास मंत्री ने यहां संवाददताओं से बातचीत करते हुए यह भी कहा कि राज्य सरकार कोई फैसला करने से पहले दिल्ली सरकार द्वारा लगाए गए लॉकडाउन का अध्ययन करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा कर्फ्यू से वैसी मदद नहीं मिल रही है, जिस प्रकार की उम्मीद की गयी थी।
सख्त लॉकडाउन के संबंध में कोई फैसला एक या दो दिन में किये जाने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री अन्य लोगों से सलाह लेने के बाद फैसला करेंगे।’’
वडेट्टीवार ने दावा किया कि इससे पहले व्यापारियों और दुकानदारों ने लॉकडाउन का विरोध किया था, लेकिन अब वे ऐसे उपाय के पक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि उनका विभाग दिल्ली के लॉकडाउन का अध्ययन कर रहा है।


Download Android App
Download iOS App



