महाराष्ट्र के विभिन्न इलाकों में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान हुई विभिन्न घटनाओं में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से 14 की मौत डूबने से हुयी है । पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।उल्लेखनीय है कि 31 अगस्त से शुरू हुआ 10 दिवसीय गणेश उत्सव शुक्रवार को संपन्न हुआ।पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के वर्धा जिले के सवांगी में तीन लोग डूब गए, जबकि एक अन्य देवली में डूब गया।उन्होंने बताया कि यवतमाल जिले में मूर्ति विसर्जन के लिए गए दो व्यक्ति तालाब में डूब गए।
दो लोगों की डूबने से मौत हो गयी
अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के अहमदनगर जिले के सुपा और बेलवंडी में अलग अलग घटनाओं में दो लोगों की डूबने से मौत हो गयी जबकि दो अन्य की मौत प्रदेश के जलगांव जिले में हो गयी ।उन्होंने बताया कि पुणे के देहात क्षेत्र, धूले, सतारा और सोलापुर शहर में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गयी ।उन्होंने बताया कि गणेश प्रतिमा के विसर्जन के दौरान सड़क हादसे में नागपुर शहर के शक्करदारा इलाके में चार लोगों की मौत हो गयी ।

रायगढ़ के पनवेल में लगा बिजली का झटका
नागरिक निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि ठाणे के कोलबाद इलाके में बारिश के बीच एक पेड़ एक गणेश पंडाल पर गिर गया जिससे इस घटना में 55 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गयी।उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार की रात को हुयी।एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इस बीच रायगढ़ के पनवेल में बिजली का झटका लगने से नौ साल की एक बच्ची समेत 11 लोग घायल हो गये। उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम को वडघर कोलीवाडा में हुयी ।
वहीं, प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान कई जगह कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाएं भी हुईं।अधिकारी ने बताया कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के समर्थकों के बीच अहमदनगर जिले के तोपखाना में मारपीट हो गयी।जलगांव में गणेश प्रतिमा के विसर्जन के दौरान लोगों के एक समूह ने मेयर के बंगले पर पथराव किया।


Download Android App
Download iOS App



