TMC स्थापना दिवस : ममता ने पार्टी कार्यकर्ताओं को दी बधाई, संघीय ढांचे को मजबूत करने का लिया संकल्प

Summary :

टीएमसी के स्थापना दिवस पर बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने संघीय ढांचे को मजबूत करने का संकल्प लिया।

पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) आज अपना 23वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने संघीय ढांचे को मजबूत करने का संकल्प लिया।
ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, ‘‘तृणमूल कांग्रेस के स्थापना दिवस पर मैं हमारे सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और मां-माटी-मानुष परिवार के सदस्यों को शुभकामनाएं देती हूं। हमारी यात्रा एक जनवरी, 1998 को आरंभ हुई थी और हम तभी से लोगों की सेवा करने एवं उनका कल्याण सुनिश्चित के अपने प्रयासों के प्रति प्रतिबद्ध रहे हैं।’’


उन्होंने कहा, ‘‘हम नव वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं, तो आइए, ऐसे में हर प्रकार के अन्याय के खिलाफ एकजुट होने का संकल्प लें। एक दूसरे के साथ दयालुता और सम्मान के साथ व्यवहार करें। मैं आपके आशीर्वाद के लिए आपको धन्यवाद देती हूं।’’

ममता बनर्जी ने कांग्रेस छोड़कर एक जनवरी, 1998 को तृणमूल कांग्रेस का गठन किया था। बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल ने 2021 विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल की थी और वह लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बनीं। तृणमूल ने 2001 और 2006 में दो बार विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह सफल नहीं हुई। इसके बाद उसने 2011 में शक्तिशाली वाम मोर्चा को हराकर जीत हासिल की।

Desk Team