ममता अपनी पारंपरिक सीट भवानीपुर से लड़ेंगी उपचुनाव, MLA एस चट्टोपाध्याय देंगे इस्तीफा

Summary :

विधानसभा चुनाव में ममता ने अपनी सीट भवानीपुर छोड़कर शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ नंदीग्राम से चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

भवानीपुर विधानसभा सीट से मौजूदा टीएमसी विधायक और मंत्री एस चट्टोपाध्याय इस्तीफा सौंपने वाले है। वहीं पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी अपनी पारंपरिक सीट से उपचुनाव लड़ सकती हैं। विधानसभा चुनाव में ममता ने अपनी सीट भवानीपुर छोड़कर शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ नंदीग्राम से चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
नंदीग्राम सीट से हार का सामना करने वाली ममता बनर्जी को मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के लिए छह महीने के अंदर विधानसभा की सदस्यता हासिल करनी होगी। इस्तीफे पर चट्टोपाध्याय ने कहा कि यह पार्टी का निर्णय है और वह इसका पालन करेंगे।
कृषि मंत्री चट्टोपाध्याय ने न्यूज़ एजेंसी से कहा, ”मैं आज भवानीपुर सीट से विधायक के तौर पर इस्तीफा देने जा रहा हूं। यह मेरा और पार्टी का निर्णय है। मैं प्रसन्नतापूर्वक इसका पालन कर रहा हूं।” सूत्रों ने कहा कि 70 वर्षीय चट्टोपाध्याय खरदाह सीट से किस्मत आजमा सकते हैं, जहां पार्टी विधायक काजल सिन्हा के निधन के बाद उपचुनाव की जरूरत पड़ी है।

Desk Team