मणिपुर चुनाव की तारीखों में बदलाव, 28 फरवरी और 5 मार्च को होगी वोटिंग: EC

Summary :

चुनाव आयोग ने गुरुवार को मणिपुर विधानसभा चुनाव की तारीखों में संशोधन कर बताया कि पहले चरण का मतदान 27 फरवरी के बजाए अब 28 फरवरी को होगा।

चुनाव आयोग ने गुरुवार को मणिपुर विधानसभा चुनाव की तारीखों में संशोधन कर बताया कि पहले चरण का मतदान 27 फरवरी के बजाए अब 28 फरवरी को होगा। साथ ही कहा कि दूसरे चरण का मतदान 3 मार्च की जगह 5 मार्च को होगा। पहले चरण में 38 सीटों पर मतदान होगा और बाकी 22 सीटों पर दूसरे चरण में मतदान होगा। मणिपुर में कुल 60 सीटें हैं। इस चुनाव को लेकर सभी पार्टियां जोर शोर से जुटी हैं। चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी के साथ कई क्षेत्रीय दल चुनाव मैदान में हैं। 2017 में विधानसभा चुनाव में किसी को बहुमत नहीं मिला था, ऐसे में इस बार भी यहां काफी कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
आयोग ने हाल में पंजाब में भी विधानसभा चुनावों की तारीख में बदली
चुनाव आयोग ने एक बयान में कहा कि यह फैसला सूचनाओं, अभ्यावेदन, पूर्व की नजीर, साजो-सामान, जमीनी स्थितियों और इस मामले में सभी तथ्यों और परिस्थितियों पर आधारित है। आयोग ने हाल में पंजाब में भी विधानसभा चुनावों की तारीख में बदलाव करते हुए इसे 14 फरवरी से 20 फरवरी कर दिया था। यह फैसला राज्य सरकार और विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा की गई मांग के बाद किया गया था। 
 मशीनरी के दुरुपयोग…..
मणिपुर में होने वाले चुनावों को लेकर चुनाव आयोग ने मंगलवार को सख्त लहजे में कहा कि चुनावों के दौरान सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग और धन-बल के गलत इस्तेमाल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने आए मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने मंगलवार को संवादाताओं से बात करते हुए ये बात कही।
उन्होंने कहा कि राज्य के 2,968 मतदान केंद्रों में से 2,400 में वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी और शेष स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए ऑफलाइन वीडियो रिकॉर्डिंग के दायरे में आयेंगे। चंद्रा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक, कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज और आवश्यक सेवाओं में लगे लोग डाक मतपत्र की सुविधा का उपयोग करके अपना वोट डाल सकेंगे।
साल 2017 में एक चरण में हुआ था चुनाव
पिछला विधानसभा चुनाव (2017) एक चरण में संपन्न हुआ था। तब कांग्रेस को 28 सीटें, बीजेपी को 21, NPF को 4, NPP को 4, LJP को 1, तृणमूल को 1 और निर्दलीय को 1 सीट मिली. चुनाव के बाद बीजेपी के नेतृत्व में NDA गठबंधन की सरकार बनी, जिसमें NPF, NPP और LJP सहयोगी भूमिका में आए।

Desk Team