दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक बच्चे के कथित अपहरण मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पार्षद की गिरफ्तारी का मंगलवार को दिल्ली विधानसभा में जिक्र करते हुए भाजपा को ‘‘बच्चा चोर’’ पार्टी करार दिया।दरअसल, 24 अगस्त को मथुरा रेलवे स्टेशन से गायब हुआ बच्चा फिरोजाबाद की एक बीजेपी पार्षद विनीता अग्रवाल के घर से बरामद हुआ, जिसको लेकर उपमुख्यमंत्री ने बीजेपी पर हमला बोला।
इसके साथ ही सिसोदिया ने आज उनके खिलाफ हुई सीबीआई की कार्रवाई पर कहा कि झूठी खबर फैलायी गई कि सीबीआई की तलाशी के दौरान उनके लॉकर से संपत्ति के कागजात मिले थे।
बैंक की शाखा में लॉकर की तलाशी
सिसोदिया ने कहा, ‘‘हमने विपक्ष के सभी सवालों का जवाब दिया है। हम उनके झूठ का जवाब नहीं दे सकते। सीबीआई को लॉकर में मेरे बेटे के ‘झुनझुना’ (एक खिलौना) सहित केवल 70,000 रुपये से 80,000 रुपये का सामान मिला है।’’ सिसोदिया ने सदन में विपक्षी विधायकों के हंगामे के बीच यह बात कही।
सिसोदिया और उनकी पत्नी उस समय मौजूद थे जब सीबीआई की चार सदस्यीय टीम ने वसुंधरा, गाजियाबाद में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में उनके लॉकर की तलाशी ली थी।आम आदमी पार्टी (आप) के नेता दिल्ली सरकार की आबकारी नीति 2021-22 के कार्यान्वयन में कथित अनियमितताओं के संबंध में एजेंसी द्वारा दर्ज प्राथमिकी में नामित 15 लोगों और संस्थाओं में शामिल हैं।

विधायकों को मार्शल की मदद से सदन के बाहर
हंगामा जारी रहने के बीच विधानसभा उपाध्यक्ष राखी बिड़ला ने विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी को छोड़कर भाजपा के सभी विधायकों को मार्शल की मदद से सदन से बाहर भेज दिया। बाद में बिधूड़ी ने भी विरोध में सदन से बहिर्गमन किया।सिसोदिया छह दिन पहले मथुरा जंक्शन के एक प्लेटफार्म से चोरी हुए सात महीने के बच्चे की बरामदगी के सिलसिले में भाजपा पार्षद और सात अन्य की गिरफ्तारी का जिक्र कर रहे थे।


Download Android App
Download iOS App



