केरल : BJP में शामिल होंगे ‘मेट्रोमैन श्रीधरन’, 21 फरवरी को औपचारिक रूप से लेंगे सदस्यता

Summary :

भाजपा ने देश की एक और मशहूर शख्सियत को अपने खेमे में लेने की पूरी तैयार कर ली है। ये शख्सियत और कोई नहीं, बल्कि मेट्रोमैन ई.श्रीधरन हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देश की एक और मशहूर शख्सियत को अपने खेमे में लेने की पूरी तैयार कर ली है। ये शख्सियत और कोई नहीं, बल्कि मेट्रोमैन ई.श्रीधरन हैं। पार्टी की केरल इकाई के अध्यक्ष के. सुरेंद्रन ने गुरुवार को यह घोषणा करके सभी को चौंका दिया है कि मेट्रोमैन श्रीधरन भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। वे 21 फरवरी से केरल भाजपा प्रमुख  सुरेंद्रन की अगुवाई में आयोजित होने वाली विजय यात्रा के दौरान औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
सुरेंद्रन ने कहा, मेट्रोमैन ने सूचना दी है वह भाजपा में शामिल होंगे। जब हमारी राज्यव्यापी यात्रा मलप्पुरम जिले (श्रीधरन के गृह जिले) में पहुंचेगी, तब वे पार्टी की सदस्यता लेंगे। सुरेंद्रन के नेतृत्व में यह राज्यव्यापी यात्रा अगले हफ्ते कासरगोड से शुरू होगी। देश के कई प्रतिष्ठित इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट में अपना अहम योगदान देने वाले 88 वर्षीय इंजीनियर श्रीधरन ने अब तक इस मामले में कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन कहा जा रहा है कि वे जल्द ही अपनी चुप्पी तोड़ेंगे। 
सुरेंद्रन ने कहा, हमारी इच्छा है कि मेट्रोमैन आगामी विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरें और इसके लिए हमने उन्हें ऑफर भी दिया है। बता दें कि श्रीधरन फिलहाल अपने घर पर हैं और सेवानिवृत्ति के बाद के समय का आनंद ले रहे हैं। केरल का पहला मेट्रो प्रोजेक्ट कोच्चि मेट्रो और दिल्ली मेट्रो प्रोजेक्ट उनके ही नेतृत्व में बना है।

Desk Team