देहरादून : उत्तराखंड में निजी आयुष कॉलेजों की फीस वृद्धि पर मनमानी के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। कार्यकर्ताओं ने यमुना कॉलोनी स्थित आयुष मंत्री डा. हरक सिंह रावत के आवास को घेरने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को बीच में ही रोक लिया। इसे लेकर छात्रों की पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई।
इसके बाद छात्र नेता नारेबाजी करते हुए वहीं धरने पर बैठ गए। पुलिस छह छात्र नेताओं को कैंट थाने ले गई। छात्रों का कहना है कि सरकार के संरक्षण में आयुष कॉलेज मनमानी कर रहे हैं और मंत्री कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। वहीं दूसरी और निजी आयुर्वेद कॉलेजों की मनमानी के खिलाफ छात्र-छात्राओं का आंदोलन जारी है। छात्र पिछले 23 दिन से आंदोलित हैं। छात्र-छात्राओं ने परेड ग्राउंड स्थित धरना स्थल से विरोध स्वरूप मार्च निकाला।
वहीं, निजी कॉलेज एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अश्वनी काम्बोज के नेतृत्व में कॉलेज संचालक छात्रों से बात करने धरनास्थल पर पहुंचे। पर वार्ता बेनतीजा रही। छात्रों का कहना है कि निजी कॉलेज पूरी तरह बेलगाम हैं। न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर रहे हैं। छात्रों पर बढ़ा हुआ शुल्क जमा करने का दवाब बनाया जा रहा है। शासन-प्रशासन भी उनकी सुध नहीं ले रहा है। इससे जाहिर होता है कि सरकार को छात्रों के भविष्य की कोई फिक्र ही नहीं है। उलटा छात्रों के आंदोलन को कुचलने के लिए षडयंत्र रचा जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



