पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री शशि पांजा सहित तृणमूल कांग्रेस की तीन महिला नेताओं ने रविवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव रैलियों में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को ‘उपहास करने के लहजे में’ संबोधित कर उनके प्रति असम्मान प्रकट कर रहे हैं।
यहां तृणमूल भवन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए पांजा ने कहा कि मोदी द्वारा जनसभाओं में तंज भरे लहजे में ‘दीदी ओ दी’ का संबोधन किया जाना न केवल बनर्जी का बल्कि बंगाल की महिलाओं का अपमान है। उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा द्वारा हमारी मुख्यमंत्री को प्रताड़ित करने और तंग करने के कई तरीकों में यह एक तरीका है। प्रधानमंत्री का यह व्यवहार महिलाओं के उत्पीड़न के समान है।
हम पश्चिम बंगाल के लोगों पर छोड़ते हैं कि वह माकूल जवाब मोदी और अमित शाह (केंद्रीय गृहमंत्री) को दें।’’ तृणमूल कांग्रेस नेता अनन्या चक्रवर्ती ने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक महिला को इस तरह से संबोधित कर अपनी पुरुषवादी मानसिकता प्रदर्शित की है क्योंकि वे ‘ आसान निशाना’ हैं।
तृणमूल कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि बनर्जी को प्रधानमंत्री और शाह के बारे में बात करने के दौरान इस्तेमाल की गई भाषा पर आत्मचिंतन करना चाहिए।’’
पॉल ने कहा, ‘‘हमारी माननीय मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह जी को चुनावी रैलियों में कैसे संबोधित किया? कैसे उन्होंने जेपी नड्डा (भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष) को संबोधित किया?’’ उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है तो वह मोदी और रैलियों में उनके बोलने के लहजे को गलत तरीके से निशाना बना रही है।


Download Android App
Download iOS App



