प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 17 फरवरी को तमिलनाडु में तेल व गैस क्षेत्र की कई परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे तो कई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान के मुताबिक मोदी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से रामनाथपुरम-तुतुकुड़ी प्राकृतिक गैस परियोजना और मनाली स्थित चेन्नई पेट्रोलियम निगम लिमिटेड के गैसोलाइन विगंधकन (प्रदूषण को कम करने के लिये जीवाश्म ईंधनों को गंधक मुक्त करना) ईकाई को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
मोदी नागपट्टिनम में कावेरी बेसिन रिफाइनरी की आधारशिला भी रखेंगे। बयान में पीएमओ ने कहा, ‘‘इन परियोजनाओं के सामाजिक व आर्थिक लाभ तो होंगे ही, ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को भी मजबूती देंगे।’’ इस अवसर पर तमिलनाडु के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के अलावा केंद्रीय पट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान भी मौजूद रहेंगे।


Download Android App
Download iOS App



