MP में वैक्सीनेशन महाअभियान के तहत 1 दिन में लगाए गए रिकॉर्ड 24.20 लाख से अधिक लोगों को टीके

Summary :

ज्यादा से ज्यादा टीकाकरण को रफ्तार देने के लिए मध्य प्रदेश में 2 दिवसीय विशाल टीकाकरण अभियान के दौरान बुधवार को पहले दिन 24.20 लाख से अधिक लोगों को कोविड-19 रोधी टीका लगाया गया।

ज्यादा से ज्यादा टीकाकरण को रफ्तार देने के लिए मध्य प्रदेश में 2 दिवसीय विशाल टीकाकरण अभियान के दौरान बुधवार को पहले दिन 24.20 लाख से अधिक लोगों को कोविड-19 रोधी टीका लगाया गया। प्रदेश सरकार के एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि देश के किसी राज्य में एक दिन में लगाए गए टीकों का यह सर्वाधिक रिकॉर्ड है। इससे पहले 21 जून को मध्य प्रदेश में एक ही दिन में सर्वाधिक 17.62 लाख लोगों का टीके लगाए गए थे।
प्रदेश के अतिरिक्त टीकाकरण निदेशक डॉ संतोष शुक्ला ने बताया कि दो दिवसीय अभियान के पहले दिन बुधवार को राज्य में 24.20 लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया गया है। उन्होंने कहा कि गुरुवार सुबह आंकड़ों को अद्यतन किया गया क्योंकि दुर्गम इलाकों और वन क्षेत्रों में स्थित दूरस्थ टीकाकरण केंद्रो का विवरण देर रात तक पहुंचा। अधिकारी ने कहा कि इस साल जनवरी में मध्य प्रदेश में टीकाकरण अभियान की शुरुआत के बाद से बुधवार रात तक चार करोड़ 20 लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है।
देशभर में कोरोना मामलों की संख्या
पिछले 24 घंटे में संक्रमण के  46,164 नए केस की पुष्टि हुई है वहीं इस दौरान 607 लोगों की मौत हुई है। देश में बुधवार को 80 लाख 40 हजार 407 लोगों को कोरोना के टीके लगाये गये तथा अब तक 60 करोड़ 38 लाख 46 हजार 475 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।पिछले 24 घंटों में कोरोना के 46,607 नये मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर तीन करोड़ 25 लाख 58 हजार 530 हो गया है। इस दौरान 34 हजार 159 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद इस महामारी को मात देने वालों की कुल संख्या बढ़कर तीन करोड़ 17 लाख 88 हजार 440 हो गयी है।

Desk Team