MP में स्कूल और कॉलेज 100% की क्षमता के साथ होंगे संचालित, जल्द जारी होंगी नई गाइडलाइंस

Summary :

मध्य प्रदेश में कोविड- 19 से जुड़े सभी प्रतिबंध हटाए जाने के बाद शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि राज्य में विद्यालयों के संचालन को लेकर नये दिशा-निर्देश 2 दिन के भीतर जारी कर दिए जाएंगे।

मध्य प्रदेश में कोविड- 19 से जुड़े सभी प्रतिबंध हटाए जाने के बाद राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में विद्यालयों के संचालन को लेकर नये दिशा-निर्देश 2 दिन के भीतर जारी कर दिए जाएंगे। परमार ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा, कोविड-19 के प्रतिबंधों के चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई लम्बे समय से प्रभावित हो रही थी। 
परमार ने कहा अब ये सभी प्रतिबंध हटा लिए गए हैं, इसलिए हम राज्य में विद्यालयों के संचालन को लेकर नये दिशा-निर्देश दो दिन के भीतर जारी कर देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ‘‘मध्यप्रदेश निजी विद्यालय (फीस तथा संबंधित विषयों का विनियमन) विधेयक 2017’’ पहले से लागू है और इसके प्रावधानों के मुताबिक निजी स्कूलों को अगर अपनी फीस में एक निश्चित प्रतिशत से ज्यादा वृद्धि करनी है, तो उन्हें राज्य सरकार से इसकी अनुमति लेनी जरूरी है।
परमार ने कहा कि निजी विद्यालयों की फीस नियंत्रित करने के लिए आवश्यकता पड़ने पर इस विधेयक में सुधार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में अध्यापकों की कमी दूर करने के लिए हर साल शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। परमार, शासकीय अहिल्या केंद्रीय पुस्तकालय के 60 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में कोविड- 19 की स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताते हुए बुधवार को घोषणा की थी कि महामारी से संबंधित सभी प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से हटाए जाते हैं।

Desk Team