राज्यसभा सदस्य एम पी वीरेंद्र कुमार ने प्रख्यात फिल्मकार अडूर गोपालकृष्णन के खिलाफ एक भाजपा नेता द्वारा दिये गए उस बयान की निंदा की है जिसमें उनसे कहा गया था कि “जय श्री राम” का नारा लगाने वालों को बर्दाश्त नहीं कर सकते तो चांद या किसी दूसरे ग्रह पर चले जाएं।
अडूर और अन्य ने धर्म के नाम पर हिंसा के खिलाफ आवाज उठाई थी और इसके एक दिन बाद प्रदेश भाजपा नेता बी गोपालकृष्णन ने अपनी खास शैली के लिये प्रसिद्ध फिल्मकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह सम्मानित फिल्मकार हैं लेकिन देश की संस्कृति का ‘अपमान’ नहीं कर सकते।
वीरेंद्र कुमार ने एक विज्ञप्ति में कहा, “भीड़ द्वारा पीट-पीटकर की जाने वाली हत्याओं के बढ़ते मामले पर प्रधानमंत्री से लगाम लगाने की मांग करने पर भाजपा नेता ने अडूर से चांद पर चले जाने को कहा।”
जनता दल (यू) के नेता ने कहा कि अल्पसंख्यकों पर ‘‘भीड़ के हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं’’ और देश में ‘‘भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किये जाने के बढ़ते मामलों’’ से लोकतंत्र में विश्वास करने वाले सभी लोग व्यथित हैं। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और मलयालम फिल्म जगत भी अडूर के समर्थन में दिखा और भाजपा नेता की टिप्पणी की निंदा की।
भाजपा नेता कहा था, “अगर आप यह (जय श्री राम) सुनने के इच्छुक नहीं हैं तो कृपया अपना नाम श्रीहरिकोटा में पंजीकृत कराएं और आप चांद पर जा सकते हैं।” उन्होंने कहा कि बेहतर होगा कि अगर वह अपना नाम भी बदल लें।


Download Android App
Download iOS App



