उर्दू शायर मुनव्वर राणा के तालिबान के समर्थन में सामने आने के बाद अब उनकी मुसीबते बढ़ गयी है। महर्षि वाल्मीकि की तुलना तालिबान से कर कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में मध्यप्रदेश पुलिस ने मुनव्वर राणा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।भाजपा के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव सुनील मालवीय और वाल्मीकि समुदाय के अन्य सदस्यों की शिकायत के बाद सोमवार को गुना में राणा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि एक चैनल से चर्चा के दौरान मुनव्वर राणा ने तालिबान की तुलना कथित रूप से महर्षि वाल्मीकि से की थी।मालवीय ने आरोप लगाया कि राणा ने अपनी टिप्पणियों से महर्षि वाल्मीकि का अपमान किया तथा वाल्मीकि समुदाय और हिंदुओं की भावनाओं को आहत किया।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ उन्होंने (राणा ने) महर्षि वाल्मीकि की तुलना तालिबान से की और हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई। इसलिए हमने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की है।’’गुना के पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने सोमवार को कहा, ‘‘ राणा के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है। मामले को संबंधित जिले (उत्तर प्रदेश के लखनऊ) को भेजा जाएगा।’’
पुलिस ने कहा कि राणा के खिलाफ भादंवि की धारा 505 (2),(विभिन्न समुदायों के बीच शत्रुता, घृणा या वैमनस्य की भावनाएं पैदा करने के आशय से असत्य कथन, जनश्रुति, आदि, परिचालित करना) के तहत मामला दर्ज कर इसे उत्तर प्रदेश के लखनऊ के हजरतगंज पुलिस थाने को भेजा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



