मुकेश अंबानी ने बाबा बदरी-केदार को भेंट की एक-एक करोड़ की दान राशि

Summary :

मुकेश अंबानी ने बदरीनाथ में चंदन-केसर और केदारनाथ में पूजा-सामग्री के लिए एक-एक करोड़ की दान राशि श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को भेंट की।

देश के प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी ने शनिवार को भगवान बदरी विशाल और बाबा केदार के दर्शन किए। मुकेश अंबानी ने बदरीनाथ में चंदन-केसर और केदारनाथ में पूजा-सामग्री के लिए एक-एक करोड़ की दान राशि श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को भेंट की। 
प्रसिद्ध उद्योगपति सुबह दस बजे हेलीकॉप्टर से केदारनाथ वीआईपी हेलीपैड पर पहुंचे तथा यहां से सीधे मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। 
मंदिर समिति के कार्याधिकारी एनपी जमलोकी ने बताया कि मुकेश अंबानी ने बाबा केदार की सामान्य पूजा करने के बाद वह केदारनाथ के प्राकृतिक सौन्दर्य को निहारते रहे। 
मुकेश अंबानी हर वर्ष केदार बाबा के दर्शनों को आते हैं और मंदिर में पूजा सामग्री के लिए पचास लाख रूपए दान करते हैं।
इस वर्ष उन्होंने केदारनाथ के लिए एक करोड़ रूपए दान किया। वह मंदिर समिति के कर्मचारियों से भी मिले। चाय पीने के बाद 11 बजकर 15 मिनट पर वह यहां से देहरादून के लिए रवाना हो गए।

Shera Rajput