वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को कहा कि लद्दाख ‘भारत का गौरव’ है और पूरे देश को लेह तथा करगिल की जनता द्वारा दिखाई गयी देशभक्ति पर गर्व है।
पर्वतीय परिषद के आगामी चुनाव के लिहाज से लेह-लद्दाख में चुशोत योकमा, चुशोत शमा, चुशोत गोंगमा, फयांग चुशगो और फयांग थंगनाक में जनसभाओं को संबोधित करते हुए नकवी ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ‘भारत के गौरव’ की रक्षा के लिए तथा लेह-लद्दाख की जनता की समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
नकवी की जनसभाओं में क्षेत्र के दूर-दराज के लोगों ने भाग लिया। उन्होंने लद्दाख के केंद्रशासित प्रदेश बनने के कारण क्षेत्र को मिले लाभों के बारे में विस्तार से बताया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 370 के समाप्त होने के बाद लेह और लद्दाख की जनता के व्यापार, कृषि, रोजगार, संस्कृति, भूमि और संपत्ति से संबंधित अधिकारों को पूरी तरह संवैधानिक संरक्षण मिला है।
नकवी ने कहा कि लद्दाख के केंद्रशासित प्रदेश बनने के बाद बड़े स्तर पर विकास गतिविधियां संचालित हुई हैं और जनता, खासतौर पर लेह और करगिल के युवकों को बेहतर शिक्षा और रोजगार के पर्याप्त अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 समाप्त होने से अप्रचलित कानूनों के अवरोधक समाप्त हो गये हैं जिन्होंने लेह-लद्दाख में विकास प्रक्रिया को बाधित कर रखा था।
नकवी ने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पड़ोसी हिमाचल प्रदेश के मनाली में दुनिया की सबसे बड़ी राजमार्ग सुरंग-अटल टनल को देश को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि अब हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के हिस्से शेष देश से हमेशा जुड़े रहेंगे और यहां तेजी से आर्थिक प्रगति होगी।


Download Android App
Download iOS App



