महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को घोषणा की कि कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक ले चुके मुंबई के निवासी 15 अगस्त से लोकल ट्रेनों में सफर कर सकते हैं। ठाकरे ने एक लाइव वेबकास्ट में कहा कि जिन लोगों ने कोविड-19 रोधी टीके की दूसरी खुराक के बाद 14 दिन की अवधि पूरी कर ली है वे रेलवे पास के लिए विशेष रूप से बनाए गए ऐप पर आवेदन कर सकते हैं और वे इसे अपने संबंधित स्थानीय वार्ड कार्यालयों से प्राप्त कर सकते हैं।
ठाकरे ने कहा, ‘‘अभी तक मुंबई में 19 लाख लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक दी जा चुकी है।’’ उन्होंने कहा कि जिनके पास स्मार्टफोन नहीं है, वे ये पास ऑफलाइन प्राप्त कर सकते हैं। वर्तमान में, आम लोगों को मुंबई उपनगरीय ट्रेनों में चढ़ने की अनुमति नहीं है। लोकल ट्रेनें केवल आवश्यक क्षेत्रों और सरकारी सेवाओं में कार्यरत लोगों के लिए संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार दुकानों, मॉल, रेस्तरां और धार्मिक स्थलों को छूट देने पर विचार कर रही है और सोमवार को कार्यबल की बैठक के बाद निर्णय लिया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



