न्यू ईयर के जश्न के मद्देनजर मुंबई पुलिस अलर्ट, SRPF के अलावा होमगार्ड की होगी तैनाती

Summary :

मुंबई में न्यू ईयर के जश्न को लेकर पुलिस ‘हाई अलर्ट’ पर है। यहा पर राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) के कर्मियों के अलावा होमगार्ड की भी तैनाती की जाएगी।

मुंबई में न्यू ईयर के जश्न को लेकर पुलिस ‘हाई अलर्ट’ पर है। यहा पर राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) के कर्मियों के अलावा होमगार्ड की भी तैनाती की जाएगी। अपराध शाखा और मादक पदार्थ रोधी प्रकोष्ठ (एएनसी) के कर्मी भी निगरानी करेंगे। और किसी भी अप्रिय घटना तथा आतंकी गतिविधियों को रोकने के लिए कदम उठाए गए हैं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। 
मुंबई पुलिस के प्रवक्ता डीसीपी एस चैतन्य ने कहा, ‘‘हम लोग बेहद चौकसी बरत रहे हैं। नववर्ष पर किसी भी तरह की अप्रिय घटना और संभावित आतंकी गतिविधियों को रोकने के लिए कदम उठाए गए हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘शहर में पुलिस की पर्याप्त तैनाती है। महत्वपूर्ण सड़कों पर नाकाबंदी की गई है।’’ 
महाराष्ट्र सरकार ने कोविड-19 महामारी के मद्देनजर 11 बजे रात और सुबह छह बजे के बीच रात्रि कर्फ्यू लगाया है, जिसके कारण पांच या ज्यादा लोगों के एक जगह जमा होने पर पाबंदी है। उन्होंने कहा, ‘‘सार्वजनिक स्थानों पर पांच से ज्यादा लोगों को जमा होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। रात में 11 बजे के बाद होटल, बार, पब या रेस्तरां में पार्टी करने की इजाजत नहीं होगी।’’ 
शहर में निर्धारित समय के बाद ‘बोट पार्टी’ या छत पर पार्टी की अनुमति नहीं होगी। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 144 के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्थानों पर नजर रखने के लिए ड्रोनों की मदद ली जाएगी और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। 

Desk Team