नगालैंड में जनजातीय समूहों के शीर्ष संगठन ‘नगा होहो’ ने सभी राजनीतिक समूहों से अतीत के अपने मतभेदों को अलग रखकर नगा मुद्दे का समाधान करने के लिए एक साथ आने का रविवार को अनुरोध किया।
संगठन ने राजनीतिक समूहों से सात दशक पुरानी नगा उग्रवाद समस्या का शांतिपूर्ण समाधान किये जाने का भी आग्रह किया।
नगा होहो के महासचिव के एलु नडांग ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि नगा होहो की कार्यकारिणी परिषद की यहां 13 नवम्बर को बैठक हुई थी जिसमें शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लिए सभी नगा राजनीतिक समूहों से अपील करने का संकल्प लिया गया था।
होहो ने कहा कि ऐसी उम्मीद है कि नगा समाज में एक बार फिर से शांति का नया युग आयेगा।
बयान में कहा गया है कि हालांकि नगा होहो का मानना है कि सभी नगा राजनीतिक समूहों के एक साथ आये बिना और अतीत के अपने मतभेदों को अलग रखे बिना कभी भी शांति का वास्तविक माहौल नहीं बन सकता है।
नगा होहो ने कहा कि सभी व्यक्तिगत विचारों को ऊपर रखकर नगा लोगों की गरिमा के साथ जीने की इच्छा का सम्मान किया जाना चाहिए और राजनीतिक समूहों को शांति का मार्ग प्रशस्त करने के लिए एक साथ आना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



