हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला की मां और जजपा विधायक नैना चौटाला ने सिरसा लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सुनीता दुग्गल पर हमला करते हुए कहा है कि वह ‘बरसाती मेंढक’ हैं, जो चुनाव खत्म होने के बाद दिखाई नहीं पड़ेंगी। सिरसा जिले में डबवाली से 51 वर्षीय विधायक ने कहा कि दुग्गल ने अपना ज्यादातर समय वातानुकूलित कमरों में बिताया है और गांवों का जीवन कैसा होता है, उसे वह नहीं जानतीं। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नौकरशाह से नेता बनीं दुग्गल ने कहा, ‘‘मेंढक मच्छर को खाते हैं।
कम से कम वे कुछ तो अच्छा करते हैं, लेकिन मैं उन्हें (नैना) कहना चाहती हूं कि वे (चौटाला परिवार) मगरमच्छ हैं जिन्होंने सिरसा को लूटा है।’’ यह पूछे जाने पर कि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कौन है तो दुग्गल ने कहा, ‘‘कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है। यह एक तरफा दौड़ है।’’ हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर छठे चरण में 12 मई को मतदान होगा। नैना चौटाला यहां जननायक जनता पार्टी (जजपा) उम्मीदवार निर्मल सिंह मल्हादी का प्रचार करने आई थीं, जिनके खिलाफ भाजपा से दुग्गल और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर मैदान में हैं।


Download Android App
Download iOS App



