भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस की पूर्ववर्ती केंद्र सरकार के दौरान प्रज्ञा सिंह ठाकुर जैसे लोगों को बुरी तरह प्रताड़ित कर हिंदुओं को आतंकवादी साबित करने की कोशिश की गई थी। प्रज्ञा ठाकुर मध्य प्रदेश के भोपाल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा की उम्मीदवार हैं, जहां उनका मुख्य चुनावी मुकाबला वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह से है।
विजयवर्गीय ने कहा, ”प्रज्ञा ने एक महिला के तौर पर जबरदस्त आरोप और अत्याचार झेले हैं। देश की आजादी के बाद ऐसी प्रताड़ना के उदाहरण बहुत कम देखने को मिले हैं। इस प्रताड़ना की बात कहीं न कहीं उनके (प्रज्ञा) के मन में घर कर गई है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार के दौरान विशेषकर दिग्विजय सिंह और पी. चिदंबरम जैसे नेताओं के इशारे पर प्रज्ञा जैसे लोगों को बुरी तरह प्रताड़ित किया गया था, ताकि दुनिया के सामने हिंदुओं को आतंकवादी सिद्ध किया जा सके। विजयवर्गीय ने दावा किया कि न्यायपालिका ने उन आरोपों को नकार दिया है, जो तथाकथित हिंदू आतंकवाद को लेकर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में लगाये गये थे।
कांग्रेस के घोषणा-पत्र से जनता नाराज : कैलाश विजयवर्गीय
भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, ”सबसे बड़ी अदालत जनता की अदालत होती है। मैं समझता हूं कि भोपाल लोकसभा क्षेत्र का चुनाव इस बात के लिये होगा कि हिंदू समुदाय आतंकवादी है या नहीं?” विजयवर्गीय ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता जारी लोकसभा चुनावों के दौरान लगातार हिंसा फैला रहे हैं।
पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रभारी ने कहा, ”लोकसभा चुनावों के दौरान बड़ी संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती के बावजूद तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता बौखलाहट में भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगातार हमले कर रहे हैं। वे भाजपा कार्यालयों में तोड़-फोड़ करते हुए हमारे झंडे निकाल रहे हैं और पोस्टर फाड़ रहे हैं।” विजयवर्गीय ने हालांकि कहा कि भाजपा को भरोसा है कि वहां तैनात केंद्रीय बल पश्चिम बंगाल में निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करायेंगे।


Download Android App
Download iOS App



