महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लेकर विवादित बयान देने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को मंगलावर को महाराष्ट्र पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इससे पहले पुलिस ने राणे के खिलाफ अपमानजनक और घृणास्पद बयानों की वजह से आईपीसी की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। राणे के खिलाफ आईपीसी की धारा 153 और 505 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि राणे ने सोमवार को एक भाषण के दौरान उद्धव ठाकरे को तमाचा मारने तक की बात कह दी थी।
बता दें कि नारायण राणे को पुलिस हिरासत से पहले बॉम्बे हाईकोर्ट में भी झटका लग चुका है, दरअसल जब कोर्ट ने एफआईआर खारिज करने की मांग वाली राणे की याचिका पर अर्जेंट सुनवाई से इनकार कर दिया। भाजपा नेता प्रमोद जठार ने कहा कि रत्नागिरी के एसपी नारायण राणे को बिना किसी गिरफ्तारी वारंट के गिरफ्तार करने संगमेश्वर पहुंचे। बीजेपी नेता के मुताबिक, रत्नागिरी के एसपी का कहना था कि उन पर गिरफ्तारी का जबरदस्त दबाव है और उन्हें राणे को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए कहा गया है।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने नारायण राणे की याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इंकार कर दिया। बता दें कि याचिका अधिवक्ता अनिकेत निकम ने दायर किया है। न्यायमूर्ति एस एस शिंदे और न्यायमूर्ति एन जे जमादार की पीठ ने निकम को अदालत जाने से पहले उचित प्रक्रिया का पालन करने का निर्देश दिया है। नासिक, पुणे और महाड थाने में दर्ज तीन प्राथमिकी को रद्द करने के लिए भी आवेदन दिया गया है। कोर्ट ने रद्द करने की याचिका पर भी सुनवाई नहीं की है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
दरअसल, केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने रायगढ़ जिले में सोमवार को ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ के दौरान कहा था कि ‘‘यह शर्मनाक है कि मुख्यमंत्री को यह नहीं पता कि आजादी को कितने साल हुए हैं। भाषण के दौरान वह पीछे मुड़ कर इस बारे में पूछताछ करते नजर आए थे। अगर मैं वहां होता तो उन्हें एक जोरदार थप्पड़ मारता।’’ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके राणे पहले शिवसेना में थे, जो बाद में कांग्रेस में आ गये और फिर, 2019 में वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। राणे ने दावा किया कि 15 अगस्त को जनता को संबोधित करते समय ठाकरे यह भूल गए थे कि आजादी को कितने साल पूरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाषण के बीच में वह अपने सहयोगियों से पूछ रहे थे कि स्वतंत्रता दिवस को कितने साल हुये हैं।


Download Android App
Download iOS App



