जीतू पटवारी के खिलाफ दर्ज FIR पर बोले नरोत्तम मिश्रा-जो गलत करेगा, वह भुगतेगा

Summary :

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सवालिया लहजे में कहा “कमलनाथ जी आप भी बार-बार सड़क पर उतरने की बातें करते रहते हो। कभी जनता के दिल में उतरने की बात भी कर लिया करो।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ छेड़छाड़ के आरोप में कांग्रेस विधायक एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री जीतू पटवारी पर दर्ज हुई एफआईआर के बाद शुरू हुए आरोप- प्रत्यारोपों के बीच आज राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में एक भी असत्य एफआईआर नहीं दर्ज कराई गई, यदि कोई गलत करेगा तो वह भुगतेगा। 
नरोत्तम मिश्रा ने अपने ट्वीट के जरिए कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा ‘मप, में यदि एक भी झूठी एफआईआर हुई हो तो बताएं। यदि कोई गलत करेगा तो भुगतेगा। कानून अपना काम करेगा।’ गृह मंत्री ने एक अन्य ट्वीट में सवालिया लहजे में कहा ‘कमलनाथ जी आप भी बार-बार सड़क पर उतरने की बातें करते रहते हो। कभी जनता के दिल में उतरने की बात भी कर लिया करो। सड़क पर उतरने की बात ने आपकी सरकार और पार्टी को सड़क पर ला दिया है।’ 
उन्होंने कहा ‘कांग्रेस जनता से झूठे वादे कर सत्ता पर काबिज हुई। वो सरकार पर आरोप लगाने से पहले ये तो बताए कि आखिर उसने चुनाव में जो भी वादे किए थे, उन पर अमल किया क्या। कांग्रेस जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाए।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटों के साथ छेडछाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में जीतू पटवारी के खिलाफ इंदौर के छत्रीपुरा थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Desk Team