कमलनाथ पर नरोत्तम मिश्रा का शायराना तंज – ‘दिल बहलाने के लिए गालिब, ये खयाल अच्छा है’

Summary :

मध्यप्रदेश में 28 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान की तिथि जैसे जैसे नजदीक आती जा रही है, नेताओं के रोचक बयान भी देखने में आ रहे हैं।

मध्यप्रदेश में 28 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान की तिथि जैसे जैसे नजदीक आती जा रही है, नेताओं के रोचक बयान भी देखने में आ रहे हैं। 
राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आज अपने ट्वीट में प्रदेश कांग्रेस के एक ट्वीट के जवाब में लिखा है‘हमको मालूम है जन्नत की हकीकत, लेकिन दिल बहलाने के लिए गालिब, ये खयाल अच्छा है। हकीकत ये है कि 03 नवंबर को जनता कमलनाथ जी को बोरिया बिस्तर बांधकर उन्हें हमेशा के लिए विदा कर देगी। मेरी नेक सलाह है कि कांग्रेस, सरकार बनाने का ख्वाब छोड़कर भावी नेता प्रतिपक्ष की खोज में जुट जाए।‘ 

इसके पहले प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी ट्वीट में लिखा गया है‘भावी मुख्यमंत्री कमलनाथ जी भिंड जिले की मेहगांव सीट से प्रत्याशी हेमंत कटारे के समर्थन में जनसभा करेंगे।’श्री नरोत्तम मिश्रा ने प्रदेश कांग्रेस के इसी ट्वीट के जवाब में अपनी टिप्पणी की है। कमलनाथ राज्य की 15 माह की सरकार में मुख्यमंत्री रहे हैं। वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के साथ ही विधानसभा में विपक्ष के नेता का दायित्व भी निभा रहे हैं।

Ujjwal Jain