बिजेपुर विधानसभा सीट से ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के इस्तीफे के मद्देनजर भाजपा ने उन पर पश्चिमी क्षेत्र के लोगों के साथ छल करने का आरोप लगाया है। पटनायक ने बिजेपुर और हिंजिली, दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ा और जीता था। रविवार को उन्होंने बिजेपुर सीट से इस्तीफा दे दिया।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और बरगढ़ संसदीय सीट से नव निर्वाचित सांसद सुरेश पुजारी ने कहा, “बिजेपुर विधानसभा सीट से इस्तीफा दे कर नवीन पटनायक ने पश्चिमी ओडिशा के लोगों के साथ छल किया है।” पुजारी ने कहा कि जब पटनायक ने बिजेपुर से चुनाव लड़ने का फैसला किया तब पूरे पश्चिमी ओडिशा के लोगों की उनसे बड़ी उम्मीदें बंध गई थीं। अब लोग खुद को छला हुआ महसूस कर रहे हैं।
पटनायक ने गंजाम जिले की अपनी हिंजिली सीट से इस्तीफा नहीं दिया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री जयनारायण मिश्रा ने भी फैसले को लेकर मुख्यमंत्री पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, “यह समझना मुश्किल है कि पटनायक ने बिजेपुर से चुनाव लड़ने का फैसला क्यों किया और अब इस सीट से इस्तीफा भी दे दिया।”
पटनायक पर बरसों से पश्चिमी ओडिशा के साथ छल करने का आरोप लगाते हुए मिश्रा ने कहा कि बिजेपुर सीट से इस्तीफा देने से पहले पटनायक ने जिस विशेष पैकेज का ऐलान किया था वह केवल इस क्षेत्र के लोगों के लिए छलावा था। 30 मई को पटनायक ने बिजेपुर विधानसभा सीट के लिए 1,330 करोड़ रुपये के पैकेज का ऐलान किया था जिसमें 34,000 लोगों को पक्का मकान मुहैया कराने की योजना शामिल थी।
इन आरोपों को खारिज करते हुए बीजद नेता और स्वास्थ्य मंत्री नवकिशोर दास ने कहा कि मुख्यमंत्री बिजेपुर की अवहेलना नहीं करेंगे क्योंकि वह पहले कह चुके हैं कि इस क्षेत्र का विकास उनकी जिम्मेदारी है।


Download Android App
Download iOS App



