NCB ने की आर्यन खान से पूछताछ

Summary :

आर्यन खान मुंबई तट के पास एक क्रूज पोत से कथित तौर पर मादक पदार्थ बरामद होने के मामले की जांच कर रहे एनसीबी के विशेष जांच दल एसआईटी के समक्ष शुक्रवार शाम पेश हुए

बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान मुंबई तट के पास एक क्रूज पोत से कथित तौर पर मादक पदार्थ बरामद होने के मामले की जांच कर रहे एनसीबी के विशेष जांच दल एसआईटी के समक्ष शुक्रवार शाम पेश हुए और उनका बयान दर्ज किया जा रहा है। सूत्रों ने यहां यह जानकारी दी।
आर्यन को पिछले महीने कोर्ट ने दी थी जमानत 
इससे पहले, आर्यन बंबई उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार शुक्रवार दोपहर को यहां एनसीबी के दक्षिण मुंबई कार्यालय पहुंचे। अदालत ने पिछले महीने उनकी जमानत याचिका मंजूर करते हुए उनसे हर शुक्रवार को एनसीबी के समक्ष पेश होने को कहा था।
आर्यन का बयान किया दर्ज 
सूत्रों ने बताया कि बाद में वह एनसीबी के उप महानिदेशक संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में नवी मुंबई में एसआईटी के समक्ष पेश हुए। उन्होंने बताया कि आर्यन का बयान दर्ज किया जा रहा है। एसआईटी क्रूज पोत पर कथित रूप से मादक पदार्थ मिलने समेत कम से कम छह मामलों की जांच कर रही है।
NCB ने दो अक्टूबर को क्रूज पोत पर मारा था छापा 
एनसीबी ने मुंबई के समुद्र तट के पास एक क्रूज पोत पर दो अक्टूबर को छापा मारा था और उसने वहां से मादक पदार्थ जब्त किए जाने का दावा किया था। छापेमारी के दौरान आर्यन और कई अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
विशेष जांच दल पिछले सप्ताह दिल्ली से यहां पहुंचा। उसने एनसीबी के अधिकारियों पर रिश्वतखोरी के आरोप लगाने वाले प्रभाकर सैल समेत कुछ अहम गवाहों के बयान दर्ज किए हैं।

Shera Rajput