महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता की हत्या के मामले में पिछले 3 महीने से फरार एक पत्रकार को शनिवार को हैदराबाद स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाल बोठे अहमदनगर में एक मराठी दैनिक अखबार के लिए काम करता था और उसे सुबह गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि आरोपी को अहमदनगर लाया जा रहा है जहां उसे अदालत में पेश किया जाएगा। अहमदनगर की पारनेर तहसील के जातेगांव फाटा में पिछले साल 30 नवंबर को 2 अज्ञात मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों ने राकांपा कार्यकर्ता रेखा जारे (39) की हत्या कर दी थी।
महिला संगठन ‘यशस्विनी महिला ब्रिगेड’ की अध्यक्ष जारे, अपनी मां, बेटे और एक दोस्त के साथ कार में पुणे से अहमदनगर जा रही थी जब यह वारदात हुई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, बोठे को डर था कि किसी मुद्दे पर जारे उसके खिलाफ शिकायत कर देगी इसलिए उसने कार्यकर्ता की हत्या की साजिश रची। अहमदनगर पुलिस अधीक्षक मनोज पाटिल ने कहा,“हत्या के संबंध में हमने शनिवार को हैदराबाद से बोठे को गिरफ्तार किया।” उन्होंने कहा,“वह हैदराबाद के एक होटल के कमरे में छिपा था। कमरे में बाहर से ताला लगा था ताकि ऐसा लगे कि भीतर कोई नहीं है। हमारे दल ने दरवाजा तोड़ दिया और बोठे को गिरफ्तार कर लिया।”
पाटिल के अनुसार, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों समेत 6 दल बोठे की तलाश में थे। उन्होंने कहा कि आरोपी 3 बार पुलिस को चकमा दे चुका था जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। पाटिल ने कहा कि बोठे के अलावा पुलिस ने इस मामले में 4 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनमें से 3 को हैदराबाद में पकड़ा गया और एक को अहमदनगर में गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि इनमें से एक की पहचान जनार्दन अकुले के रूप में की गई है जिस पर बोठे को हैदराबाद में छिपने का ठिकाना उपलब्ध कराने का आरोप है। पाटिल ने कहा कि अकुले इससे पहले भी कई अपराधियों को शरण दे चुका है। उन्होंने कहा कि उक्त आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले के संबंध में पुलिस अब तक 10 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



