राकांपा नेता जयंत पाटिल ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी ने अभी यह तय नहीं किया है कि महाराष्ट्र में उपमुख्यमंत्री किसे बनाया जाए। राकांपा की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख जयंत पाटिल ने कहा, “उपमुख्यमंत्री राकांपा से होगा। लेकिन पवार साहेब तय करेंगे कि किसे उपमुख्यमंत्री बनाया जाए। अभी इसपर फैसला लिया जाना बाकी है। आपको इतनी जल्दबाजी क्यों है?”
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस सरकार में सत्ता के बंटवारे के फार्मूले के अनुसार उपमुख्यमंत्री का पद राकांपा को मिलेगा, जबकि विधानसभा अध्यक्ष का पद कांग्रेस को दिया जाएगा। पाटिल की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब कांग्रेस अपने लिए भी एक अतिरिक्त उपमुख्यमंत्री पद पर विचार कर रही है, भले ही विधानसभा अध्यक्ष का पद राकांपा को दिया जाए।
सीएम उद्धव ठाकरे बहुमत साबित करने को लेकर आश्वस्त, नाना पटोले होंगे विधानसभा अध्यक्ष पद के उम्मीदवार
हालांकि कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि पार्टी विधानसभा अध्यक्ष का पद मिलने पर भी संतुष्ट रहेगी क्योंकि ठाकरे सरकार में फिलहाल एक ही उपमुख्यमंत्री होगा। राकांपा के वरिष्ठ नेता अजित पवार ने पाटिल का समर्थन किया। अजित से जब यह पूछा गया कि क्या वह उपमुख्यमंत्री बनना चाहेंगे तो उन्होंने कहा, “पार्टी मुझे जो भी जिम्मेदारी देगी, मैं उसे स्वीकार करूंगा।”
इस बीच पार्टी सूत्रों ने कहा कि अजित पवार को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके अलावा शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस के दो-दो मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण की।


Download Android App
Download iOS App



