असम के चिरांग जिले में एनडीएफबी (एस) का एक संदिग्ध उग्रवादी सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया। यह जानकारी पुलिस ने दी।
असम पुलिस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, मुठभेड़ कल देर रात साढ़े 12 बजे हुई जब उग्रवादी ने रूनीखाटा पुलिस थानाक्षेत्र के तहत आने वाले द्विमलुपारा गांव में सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की।
इसमें कहा गया, ‘‘असम पुलिस और सेना की एक संयुक्त टीम ने उसे रुकने के लिए कहा तो उसने गोलियां चलाई और भाग गया। उसका पीछा किया गया और रुकने के लिए कहा गया। वह रुका नहीं और लगातार गोलीबारी करता रहा। संयुक्त टीम ने अपनी आत्मरक्षा के अधिकार का इस्तेमाल करते हुए जवाबी कार्रवाई की और नियंत्रित गोलीबारी की।’’
बयान में दावा किया गया कि बाद में उग्रवादी घायल अवस्था में मिला और उसे काजलगांव स्थित जेएसबी सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
विज्ञप्ति में कहा गया कि सुरक्षा बलों ने उसके कब्जे से 7.65 एमएम की दो पिस्तौल, 7.65 एमएम पिस्तौल की दो मैगजीन, दो हथगोले, दो डेटोनेटर, 7.65 एमएम पिस्तौल की 15 गोलियां, पांच उगाही नोट और कई अन्य सामग्री बरामद की।


Download Android App
Download iOS App



