मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए तीन और जिलों में नाईट कर्फ्यू लगाया जाने वाला है। इस पर सहमति बन गई है। आधिकारिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री चौहान ने रविवार को कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा की।
इस दौरान चौहान ने कहा , “देश और प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण गत दिनों में बढ़ा है। कुछ शहरों में अधिक बढ़ा है। आमजन में जागृति लाकर और जनसहयोग से बचाव के सभी उपाय अपनाकर संक्रमण को रोकने के प्रयास हों।”
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा, “जिन जिलों में कोरोना संक्रमण की दर सामान्य से अधिक है, वहां जिले के प्रभारी अधिकारी और जिला प्रशासन जनसहयोग लेकर बचाव के सभी उपाय सुनिश्चित करें। आमजन को स्वयं आगे आकर मास्क का उपयोग करने, सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने, रात्रि में देर रात तक दुकान नहीं खोलने, भीड़ होने से रोकने और जनता कर्फ्यू लगाने जैसे उपाय करने के लिए प्रेरित किया जाए। जिला क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप प्रभावी भूमिका निभाएं।”
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आपदा प्रबंधन समिति की बैठकों के निर्णय राज्य शासन को मिल गए हैं। इन पर विचार कर अनुमति दी जा रही है। कोरोना संक्रमण को समाप्त करने के लिए प्रयासों के अंतर्गत जिला-स्तरीय आपदा मेनेजमेंट ग्रुप को प्रभावी और सशक्त बनाया जाए।
सूत्रों के अनुसार राज्य के तीन और जिलों जबलपुर, धार व दतिया में ज्यादा मरीज बढ़ रहे है और यहां नाईट कर्फ्यू लगाने पर आम सहमति बन गई है। इससे पहले शनिवार रात से पांच जिलों भोपाल, इंदौर, विदिशा, रतलाम और ग्वालियर में रात का कर्फ्यू पहले से ही लागू है। यह रात का कर्फ्यू 10 बजे से सुबह छह बजे तक चल रहा है।


Download Android App
Download iOS App



