केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर लोकसभा सीट के लिए अपना नामांकन पत्र सोमवार को दाखिल कर दिया। इस सीट पर चुनाव 11 अप्रैल को होना है। साल 2014 के चुनावों में कांग्रेस के विलास मुत्तेमवार को 2.84 लाख मतों के अंतर से हराने वाले गडकरी ने कहा कि वह इस बार बड़े अंतर से जीतेंगे।
गडकरी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘इस बार मैं और बड़े अंतर से जीतूंगा। लोगों की पिछले पांच साल में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा किए कामों के बारे में अच्छी राय है। हमारी सरकार ने चुनाव घोषणा पत्र में किए वादों से अधिक काम किया।’’ भाजपा के वरिष्ठ नेता गडकरी मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, ऊर्जा मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, परिवार के सदस्यों और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे।
गडकरी ने कहा, ‘‘आपका समर्थन और प्यार हमारे लिए बड़ी ताकत है।’’ फड़णवीस ने कहा कि गडकरी नागपुर से ‘‘ऐतिहासिक जीत’’ दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘वह महाराष्ट्र में रिकॉर्ड बनाएंगे।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा-शिवसेना गठबंधन राज्य में 48 लोकसभा सीटों में से 45 सीटें जीतेगा।
शिवसेना के रामटेक (एससी) सीट से मौजूदा सांसद कृपाल तुमाने ने भी रामटेक सीट के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नागपुर में गडकरी के खिलाफ खड़े कांग्रेस के नाना पटोले और रामटेक सीट पर तुमाने को चुनौती दे रहे पूर्व आईएएस अधिकारी किशोर गजभिये के सोमवार को ही शाम तक नामांकन पत्र दाखिल करने की संभावना है।


Download Android App
Download iOS App



