तिरूवनंतपुरम /कोच्चि : केरल में भारी बारिश से कोई राहत नहीं मिलने के कारण राज्य में मरने वालों की संख्या बढ़ कर 44 हो गयी है और कोच्चि हवाई अड्डे पर परिचालन शनिवार तक बंद कर दिया गया है। वहीं केरल के वायनाड, कोझीकोड, कन्नूर, कासरगोड, मलप्पुरम, पलक्कड़, इदुक्की व एरनाकुलम में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य में आठ अगस्त से मूसलाधार बारिश होने के कारण इस हवाई अड्डे पर आने वाले विमानों को अन्य हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया है। अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मंगलवार शाम एक होटल पर मिट्टी का एक टीला गिर जाने के कारण मुन्नार में पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के रहने वाले एक व्यक्ति की मौत हो गयी और छह अन्य को बचा लिया गया। जिला प्रशासन ने बताया कि इसी तरह कोनडोट्टी में मंगलवार देर रात एक बजे एक घर पर मिट्टी का बड़ा ढेर गिर जाने के कारण एक दंपत्ति की जान चली गयी। पीड़ित दंपत्ति के साथ उसी कमरे में सोये छह वर्षीय उनके बच्चे की तलाश की जा रही है।
एक अन्य घटना में त्रिशूर में एक तार की चपेट में आने से एक मछुआरे की मौत हो गयी। कोच्चि हवाई अड्डा के एक प्रवक्ता ने बताया कि बढ़ते हुये जलस्तर को देखते हुये शनिवार दोपहर दो बजे तक अस्थायी रूप से, कोच्चि हवाई अड्डे पर विमानों का परिचालन बंद कर दिया गया है।
प्रवक्ता ने बताया, ‘हम बाढ़ का पानी निकालने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं. सभी से सहयोग करने का अनुरोध करते हैं।’ कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (सीआईएल) ने एहतियाती उपाय के तहत पहले बुधवार सुबह चार बजे से सात बजे तक हवाईअड्डे पर विमानों का परिचालन बंद करने का निर्णय लिया था लेकिन बाद में दोपहर दो बजे तक हवाई अड्डा बंद रखने का निर्णय भी लिया गया था।


Download Android App
Download iOS App



